हमर छत्तीसगढ़

रायपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पति और सास पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस पर लापरवाही के सवाल

रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला गहराता जा रहा है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवाहिता की हत्या उसके पति फिरोज अंसारी और सास रेहाना खातून ने की है। परिजनों का कहना है कि महिला के शरीर पर गहरे चोट के निशान थे और चेहरा खून से लथपथ था, जो साफ संकेत देता है कि उसके साथ मारपीट की गई थी।

28 अगस्त को ढेबर सिटी क्षेत्र से विवाहिता का शव बरामद हुआ था। लेकिन, परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने न तो अब तक उचित कार्रवाई की और न ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट साझा की। परिवार का कहना है कि पुलिस ससुराल पक्ष के दबाव में मामले को दबा रही है।

ससुराल पक्ष का दावा है कि विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है, लेकिन परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा साझा किए गए वीडियो में महिला के शरीर पर गंभीर चोटों और खून के धब्बों के चलते आत्महत्या की थ्योरी पर सवाल खड़े हो गए हैं।

परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतका पहले भी घरेलू हिंसा की शिकायत कर चुकी थी, लेकिन उसकी अनदेखी की गई। अब मौत के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन न्याय की मांग कर रहे हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की अपील कर रहे हैं।

यह मामला रायपुर में महिला सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन तो दिया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे न्याय मिलने तक अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button