ढाई क्विंटल चांदी की तस्करी का पर्दाफाश, 2.5 करोड़ की खेप जब्त

कवर्धा। जिले की लोहारा थाना पुलिस ने अवैध चांदी तस्करी का बड़ा खुलासा करते हुए ढाई क्विंटल चांदी जब्त की है। जब्त चांदी की बाजार कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य आरोपी चंदन जैन और कार चालक (दुर्ग निवासी) शामिल हैं।
सूचना के आधार पर बीती रात पुलिस ने कार को रोका। तलाशी के दौरान दर्जनभर से अधिक बैगों में भारी मात्रा में चांदी बरामद हुई। आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस का मानना है कि चांदी अवैध रूप से कवर्धा लाकर बेचने की योजना थी।
लोहारा थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी पर की गई। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि यह खेप कहाँ से लाई गई और किन लोगों तक पहुँचाई जानी थी। प्रारंभिक जांच में बड़े नेटवर्क की संभावना सामने आई है।
घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। चर्चा है कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी का अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था। पुलिस कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें। अधिकारियों का कहना है कि इस तस्करी के जरिए बड़े व्यापारी और दलालों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है। मामला फिलहाल जांच के अधीन है और प्रशासन ने इसे अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई का संकेत माना है।



