हमर छत्तीसगढ़
नए कर्मचारियों के लिए बस पास सुविधा बंद, विरोध में कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन

रायपुर। वित्त विभाग द्वारा नए कर्मचारियों को निशुल्क बस पास सुविधा बंद करने के आदेश का विरोध शुरू हो गया है। विभाग ने बुधवार को पत्र जारी कर 1 अक्टूबर से भर्ती होने वाले कर्मचारियों को यह सुविधा नहीं देने की घोषणा की थी।
इसके विरोध में शुक्रवार को मंत्रालय के दर्जनों कर्मचारियों ने सचिव वित्त और जीएडी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने इस आदेश को निरस्त करने या विकल्प के रूप में हर माह 2000 रुपये वाहन भत्ता देने की मांग रखी है।
कर्मचारियों का कहना है कि यह सुविधा बंद होने से नए साथियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर विरोध प्रदर्शन को तेज किया जाएगा।



