जमीन विवाद में मारपीट और बलवा, आठ आरोपी गिरफ्तार

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पुराना गौरेला में जमीन विवाद से जुड़े मारपीट और बलवा मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ गैर-जमानतीय धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि 4 सितंबर को खेरमाई चौक इलाके में दुकानों के कब्जे को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों और हथियारों से मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में प्रदीप दुबे की शिकायत पर पुलिस ने व्यवसायी साजन अग्रवाल और उनके परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत के निर्देश पर फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल, एसडीओपी श्याम सिदार और थाना प्रभारी अंजना केरकेट्टा की टीम ने दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। 8 सितंबर को पंकज अग्रवाल उर्फ लक्की, आसिफ अंसारी और रवि साहू को गिरफ्तार किया गया, जबकि 10 सितंबर को मनोज अग्रवाल उर्फ कालू, मुकेश अग्रवाल, अनुभव अग्रवाल उर्फ मोंटी, प्रमोद अग्रवाल और सलमा खान उर्फ रानी को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश अब भी जारी है।



