शहीद गजरू राम मंडावी की शहादत को समर्पित भव्य समारोह में उमड़ा जनसैलाब
शहीद गजरू राम मंडावी की शहादत को समर्पित भव्य समारोह में उमड़ा जनसैलाब

शहीद गजरू राम मंडावी की शहादत को समर्पित भव्य समारोह में उमड़ा जनसैलाब

बालोद:- छत्तीसगढ़ के ग्राम खैरबना, थाना अर्जुंदा (जिला बालोद) में समर्पण शिक्षण समिति एवं ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में अमर शहीद गजरू राम मंडावी शहादत समारोह बड़े ही श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोषों से गूंजते आयोजन स्थल पर हर किसी के हृदय में देशभक्ति की भावना प्रज्वलित हो उठी।इस समारोह की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष तारणि पुष्पेंद्र चंद्राकर ने की, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुंडरदेही विधायक रहे। साथ ही, विशेष अतिथि पुरुषोत्तम चंद्राकर, थाना अर्जुंदा प्रभारी उनि. जोगेंद्र साहू तथा क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि सामाजिक कार्यकर्ता पूर्व सैनिक नंदकिशोर साहू अपने समस्त साथी और ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शहीद गजरू राम मंडावी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बलिदान को अविस्मरणीय बताया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शहीद गजरू राम मंडावी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर यह संदेश दिया कि मातृभूमि की सेवा ही सच्चा धर्म है। विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि गजरू राम मंडावी जैसे वीर सपूतों की वजह से आज हम स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष तारणि पुष्पेंद्र चंद्राकर ने कहा कि देश के लिए जान देने वाले सैनिकों का सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है, और यह समारोह उसी भावना का प्रतीक है।इस अवसर पर बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा वातावरण भावनाओं से भर उठा। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे शहीद के आदर्शों पर चलकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देंगे।समर्पण शिक्षण समिति द्वारा यह आयोजन न केवल शहीद के प्रति श्रद्धांजलि था, बल्कि देश समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को जीवित रखने का संकल्प भी। अंत में मौन रखकर शहीद गजरू राम मंडावी को नमन किया गया और “जय हिंद” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




