हमर छत्तीसगढ़

मीडिया कर्मी सुरक्षा पर प्रहार? पुलिस की कार्रवाई पर प्रेस रिपोर्टर क्लब बालोद हुआ मुखर

बालोद :- छत्तीसगढ़ में मीडिया की निष्पक्षता, लोकतांत्रिक मर्यादा और अभिव्यक्ति के अधिकार को मजबूत आधार देने का संकल्प लेकर कार्यरत प्रेस रिपोर्टर क्लब, बालोद ने दल्लीराजहरा में घटित हालिया घटना को गंभीरता से उठाया है। संगठन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि मीडिया कर्मी वीरेंद्र भारद्वाज पर पुलिस द्वारा बिना किसी प्रारंभिक जाँच, तथ्यों के परीक्षण और शासन-निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बगैर की गई FIR न केवल अनुचित है, बल्कि यह कार्यवाही मीडिया जगत पर दबाव बनाने और स्वतंत्र कार्यछवि को प्रभावित करने जैसे कदम की तरह प्रतीत होती है।ज्ञात हो कि शासन ने पूर्व में ही स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि—“मीडिया, सामाजिक और संवेदनशील विषयों में FIR दर्ज करने से पूर्व कम से कम डीएसपी रैंक के अधिकारी द्वारा संपूर्ण प्रकरण की जाँच करना अनिवार्य है।”परंतु दल्लीराजहरा पुलिस द्वारा इस प्रक्रिया की अनदेखी करते हुए मीडिया कर्मी पर सीधे FIR दर्ज कर देना प्रशासनिक संजीदगी पर प्रश्नचिह्न लगाता है।प्रेस रिपोर्टर क्लब, बालोद ने इस कार्रवाई को पूर्वाग्रहपूर्ण बताते हुए कहा—यह कदम न केवल शासन की मंशा के विपरीत है, बल्कि पत्रकारिता के स्वतंत्र वातावरण को बाधित करता है। क्लब ने इसे मीडिया कर्मी की गरिमा पर प्रत्यक्ष आघात बताते हुए कहा कि इस तरह की जल्दबाज़ी और मनमानी से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास कमजोर होता है।संगठन ने यह भी कहा कि“मीडिया कर्मी केवल समाचार प्रस्तुत नहीं करते, वे समाज के सवालों को आवाज देते हैं, व्यवस्था के प्रति नागरिकों के भरोसे को मजबूत करते हैं और शासन-प्रशासन की पारदर्शिता का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। ऐसे में उन पर बिना तथ्यपरक जांच के की गई कार्रवाई किसी भी लोकतांत्रिक प्रणाली के मूल सिद्धांतों के प्रतिकूल है।

”प्रेस रिपोर्टर क्लब बालोद के जिला संयोजक खिलावन चंद्राकर अध्यक्ष तरुणनाथ योगी उपाध्यक्ष विपिन कुमार,मोईनुद्दीन खान,शितेस साहू,उत्तम साहू सचिव यशवंत निषाद सहसचिव मोहन निषाद महामंत्री मीनू साहू कार्यकारिणी सदस्य मोनिका साहू,दीनदयाल साहू,पवन विश्कर्मा,शमशेर सिह,राकेश बेहरा

आदि सदस्य ने इस मामले को लेकर जिला स्तर पर अपनी एकजुटता और प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हुए कहा कि संगठन सदैव मीडिया कर्मियों के अधिकार, उनकी सुरक्षा, और निष्पक्ष कार्य वातावरण के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी रहेगा। क्लब ने स्पष्ट किया कि किसी भी मीडिया कर्मी को भय, दवाब या भेदभावपूर्ण रवैये से नहीं दबाया जा सकता।प्रेस रिपोर्टर क्लब, बालोद ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे को संवेदनशीलता से लेते हुए शीघ्र निर्णय करेगा, ताकि मीडिया जगत में भरोसा, सुरक्षा और स्वतंत्रता की भावना बनी रहे।

Related Articles

Back to top button