हमर छत्तीसगढ़

सिकोसा में मां शाकंभरी जयंती का भव्य आयोजन, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिया समाजिक एकता का संदेश

 

रिपोर्टर:- उत्तम साहू

बालोद :- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिकोसा में मां शाकंभरी जयंती का आयोजन पूरे श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर को और भी गरिमामय बनाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पटेल समाज भवन का विधिवत लोकार्पण किया। कार्यक्रम में गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मरार पटेल समाज के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक एवं सामाजिक समारोह में समाज के लोगों ने मां शाकंभरी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली, समृद्धि और शांति की कामना की। कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में निकाली गई कलश शोभायात्रा से हुई, जो पूरे गांव का भ्रमण करते हुए सभा स्थल तक पहुंची। शोभायात्रा ने आयोजन में सांस्कृतिक गरिमा और सामूहिक एकता का संदेश दिया। अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत-सत्कार किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि समाज के सहयोग से 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित पटेल समाज भवन तैयार हुआ है, जिसका आज लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। साथ ही समाज की आगे की जरूरतों को देखते हुए उन्होंने अतिरिक्त 5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की और भविष्य में भी समाज हित में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में मां शाकंभरी के लोककल्याणकारी स्वरूप को याद करते हुए कहा कि कठिन समय में समाज को अन्न और जीवन का आधार देने वाली माता शाकंभरी की परंपरा आज भी हमें सेवा और समर्पण की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में छेरछेरा पुन्नी और शाकंभरी जयंती पर अवकाश की घोषणा कर किसानों और श्रमिक वर्ग के सम्मान को प्राथमिकता दी गई थी। उन्होंने वर्तमान सरकार की नीतियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि किसानों को आज खाद, बिजली और धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जबकि पूर्व में किसानों के हित में स्थायी फैसले लिए गए थे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया। समाज की विभिन्न मांगों को गंभीरता से लेते हुए अतिथियों ने उन्हें शीघ्र पूरा करने का सकारात्मक भरोसा दिलाया। इस अवसर पर मरार पटेल समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, बालोद जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर, ब्लॉक अध्यक्ष भोजराज दोलतकोसरे, राकेश निर्मलकर, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंचगण तथा कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।समारोह ने न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त किया, बल्कि सामाजिक सौहार्द, विकास और सामूहिक जिम्मेदारी का स्पष्ट संदेश भी दिया।

Related Articles

Back to top button