हमर छत्तीसगढ़

बालोद में ‘परीक्षा उत्सव’ की शुरुआत, 12वीं बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न

 

रिपोर्टर मीनू साहू

बालोद:- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की मुख्य परीक्षा आज बालोद जिले में शांतिपूर्ण वातावरण में प्रारंभ हुई। जिले के 111 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन भौतिक शास्त्र और भूगोल विषय की परीक्षा आयोजित की गई।कुल 6,600 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 6,552 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 48 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासनिक व्यवस्था के अनुसार पहले दिन नकल का कोई प्रकरण सामने नहीं आया।

परीक्षा के पहले दिन शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रेरक पहल की गई। परीक्षा केंद्र पहुंचकर विद्यार्थियों को तिलक लगाकर और शुभकामनाएं देकर उन्हें तनावमुक्त होकर परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षा को डर नहीं बल्कि अवसर के रूप में लें और आत्मविश्वास के साथ लिखें।

परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल रहा।

कई केंद्रों पर समय पर प्रश्नपत्र वितरण और बैठने की बेहतर व्यवस्था देखी गई।

नकल रोकने के लिए उड़नदस्ता दल सक्रिय रहा और निरीक्षण भी किया गया।

विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रेरक माहौल बनाया गया।

कुछ केंद्रों पर परीक्षार्थियों को कक्ष ढूंढने में शुरुआती परेशानी हुई।

दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को परिवहन की दिक्कत बताई गई।

कुछ अभिभावकों ने गर्मी और पेयजल व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।

परीक्षा से पहले तनाव और तैयारी को लेकर कई विद्यार्थियों में घबराहट भी देखी गई।

पालकों की प्रतिक्रिया

कई पालकों ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था अच्छी रही। उन्होंने प्रशासन द्वारा बच्चों का मनोबल बढ़ाने की पहल को सराहनीय बताया और कहा कि इससे बच्चों का डर कम होता है।

कुछ पालकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को समय पर परिवहन सुविधा मिलना अभी भी चुनौती है। कुछ ने यह भी कहा कि परीक्षा के दिनों में बच्चों पर मानसिक दबाव अधिक रहता है, इसलिए परामर्श व्यवस्था और बेहतर होनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button