मनरेगा और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 17 मार्च को विधानसभा घेराव मध्य ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में बना निर्णायक रणनीति

दुर्ग:- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला में केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों तथा मनरेगा से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 17 मार्च को प्रस्तावित विधानसभा घेराव को सफल बनाने के लिए मध्य ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक राजीव भवन दुर्ग में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने की, जबकि मध्य ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अलताफ अहमद विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं को संगठित करते हुए विधानसभा घेराव के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई और अधिक से अधिक संख्या में रायपुर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया।बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण मनरेगा सहित कई जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं, जिसका सीधा नुकसान गरीब, मजदूर और ग्रामीण वर्ग को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती आई है और इसी कड़ी में 17 मार्च को दुर्ग शहर के प्रत्येक ब्लॉक से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता रायपुर पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी ताकत और संगठनात्मक क्षमता के साथ इस आंदोलन को ऐतिहासिक बनाएँ।बाकलीवाल ने आगे कहा कि पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए मंडल कांग्रेस कमेटी, बूथ कांग्रेस कमेटी और वार्ड कांग्रेस कमेटियों का शीघ्र गठन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन में मिली जिम्मेदारी केवल पद नहीं बल्कि एक बड़ी जवाबदेही है। पदाधिकारियों को अपनी सक्रियता और समर्पण से संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यकर्ता ही कांग्रेस पार्टी की असली ताकत और रीढ़ हैं, और कार्यकर्ताओं के भरोसे ही पार्टी जनता के बीच अपनी विचारधारा और नीतियों को मजबूती से पहुंचाती है।उन्होंने कहा कि जब बूथ, मंडल और वार्ड स्तर तक संगठन मजबूत होगा, तब कांग्रेस की रीति-नीति, सिद्धांत और जनहित की आवाज आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगी। यही संगठनात्मक मजबूती भविष्य के राजनीतिक संघर्षों और जन आंदोलनों की आधारशिला बनेगी।बैठक के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय शर्मा, अलख नवरंग और राहुल शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनसमस्याओं को लेकर सजग और सक्रिय रहे तथा जनता की आवाज को मजबूती से उठाए।बैठक में मध्य ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अलताफ अहमद, पूर्व पार्षद शकुन ढीमर, अशोक मेहरा, राजकुमार वर्मा, गणेश सोनी, मीना पाल, बिंदु राजपूत, रवि कोसरिया, अंकुर बोरकर, मोतीलाल वर्मा, सुमित घोष, मनोज सिन्हा, डोमार सिंह राजपूत, पिंटू यादव, भूपेंद्र सेन, चंद्रशेखर पारख, नरेंद्र पटेल, शत्रुघन चक्रधारी, मीना मानिकपुरी, ममता गुप्ता, नीता कश्यप, अब्दुल वहीद चौहान, नरेंद्र सोनकर, अली असगर, ईश्वर साहू, आर. सेनापति, मोनू साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।बैठक के अंत में यह संकल्प लिया गया कि 17 मार्च को होने वाले विधानसभा घेराव में दुर्ग शहर से ऐतिहासिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस का संघर्ष पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।



