हमर छत्तीसगढ़

दुर्ग में विकास कार्यों की सौगात संतराबाड़ी में डोमशेड का लोकार्पण एवं पद्मनाभपुर में भूमिपूजन

 

संपादक मीनू साहू

रिपोर्टर: गोपाल निर्मलकर 

दुर्ग:- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला में हनुमान जयंती के पावन अवसर पर शहर के वार्ड क्रमांक 25 संतराबाड़ी में नवनिर्मित डोमशेड का लोकार्पण किया गया, वहीं वार्ड क्रमांक 46 पद्मनाभपुर में डोमशेड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन सम्पन्न हुआ। और इस तरह से शहर को विकास कार्यों की एक महत्वपूर्ण सौगात मिली।दुर्ग शहर के विधायक एवं केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव शहर के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार सक्रिय हैं, जिसके परिणामस्वरूप विभिन्न क्षेत्रों में जनसुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

वार्ड क्रमांक 25 संतराबाड़ी स्थित गायत्री मंदिर परिसर में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने वेदमाता गायत्री के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि यह डोमशेड क्षेत्र के धार्मिक और सामाजिक जीवन को नई दिशा देगा। अब यहां विवाह, धार्मिक अनुष्ठान, सामाजिक कार्यक्रम एवं अन्य सामुदायिक आयोजन सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण में आयोजित किए जा सकेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि शासन की मंशा केवल निर्माण कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधा, सुरक्षा और सुगमता प्रदान करना है। डोमशेड के निर्माण से श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी विभिन्न आयोजनों के लिए एक स्थायी और संरक्षित स्थल मिलेगा। यह कार्य क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 46 पद्मनाभपुर में प्रस्तावित डोमशेड निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम में भी मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। भूमि पूजन विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। यह कार्य लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रही थी, जिसके पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों में उत्साह और संतोष का माहौल है। उन्होंने कहा कि इस डोमशेड के निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया मंच मिलेगा तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य और सामुदायिक संरचनाओं के विकास के माध्यम से नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का सतत प्रयास जारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ विकास कार्यों को गति दी जाएगी और दुर्ग को एक आदर्श एवं सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस अवसर पर सभापति श्याम शर्मा, पार्षद मनीषा सोनी, संजय अग्रवाल, मनीष कोठारी, गुलशन साहू, युवराज कुंजाम, सविता साहू, भाजयुमो अध्यक्ष हिमांशु सिंह, मंडल अध्यक्ष बंटी चौहान, कमलेश फेकर, महेन्द्र लोढ़ा, धीरजलाल टांक, एसपी सिंह, आर.डी. महिलांग, अभय सोनी, राकेश झा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने इस विकास कार्य के लिए मंत्री गजेन्द्र यादव का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र के निरंतर विकास की अपेक्षा जताई।

Related Articles

Back to top button