बालोद में धूमधाम से मना विजयादशमी पर्व, योगी परिवार की पूजा के बाद हुआ रावण दहन
सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान में उमड़ी भीड़, रामलीला और आतिशबाजी के बाद गोदना लोक कला मंच ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति

संपादक :- मीनू साहू
बालोद। जिला मुख्यालय बालोद में मंगलवार को विजयादशमी का पर्व उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। शहर के सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान में राज दशहरा उत्सव समिति की ओर से रावण दहन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विधायक व महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा सहित नगरवासी शामिल हुए। रामलीला मंचन, आतिशबाजी और रावण दहन मुख्य आकर्षण रहे।आयोजन के लिए शाम से ही मैदान में लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। समिति के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 6 बजे रावण शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद व्यायाम प्रदर्शन और आतिशबाजी का आयोजन हुआ। मैदान में मौजूद लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। बच्चों और युवाओं में भी दशहरा पर्व को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।
योगी परिवार ने निभाई वर्षों पुरानी परंपरा
बालोद के दशहरा उत्सव में शहर की पुरानी परंपरा का भी पालन किया गया। रावण दहन से पहले योगी परिवार की ओर से पूजा-पाठ किया गया। ग्राम पटेल ठाकुरनाथ योगी परिवार ने विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद रावण दहन की प्रक्रिया शुरू हुई। शहर में इस परंपरा का लंबे समय से निर्वहन किया जा रहा है।रामलीला मंचन के बाद रावण के पुतले का दहन किया गया। पुतले में आग लगते ही मैदान में मौजूद लोगों ने जय श्री राम के जयकारे लगाए। आतिशबाजी के बीच रावण का पुतला जल उठा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौजूद रही।
गोदना लोक कला मंच की प्रस्तुति ने बांधा समां
रावण दहन के बाद रात 9 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राजनांदगांव के प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच गोदना के कलाकारों ने प्रस्तुति दी। कलाकारों ने लोकगीतों और नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों सहित समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा, राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के उपाध्यक्ष राजदत्त शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव, रामजी भाई पटेल, लीला लाले शर्मा, कृष्णकांत पवार, पवन साहू और विकास चोपड़ा सहित नगर पालिका उपाध्यक्ष एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता राज दशहरा उत्सव समिति बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा संतोष चौधरी ने की। समिति ने आयोजन में शामिल होने वाले नगरवासियों और सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। बालोद में विजयादशमी का यह आयोजन धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ।



