अंबिकापुर में अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, पांच वाहन जब्त
जांच अभियान चलाकर दो हाईवा गिट्टी और तीन ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा

अंबिकापुर। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर कलेक्टर विलास भोसकर सोलंके के निर्देशन में खनिज विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में बुधवार को बतौली क्षेत्र में खनिज विभाग की टीम ने जांच अभियान चलाकर दो हाईवा गिट्टी और तीन ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा।
खनिज अधिकारी त्रिवेणी देवांगन ने जानकारी दी कि इन सभी मामलों में ‘खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957’ की धारा 21(4), 21(5) एवं 23 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कुल 1,22,336 रुपये का अर्थदंड वसूल कर शासन को राजस्व की प्राप्ति कराई गई है।
बतौली क्षेत्र खनिज संसाधनों की दृष्टि से समृद्ध है, लेकिन कुछ लोग बिना वैध अनुमति के खनिजों का दोहन कर रहे हैं, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है। जिला प्रशासन और खनिज विभाग की संयुक्त टीम लगातार ऐसे अवैध परिवहन पर नजर रखे हुए है और कार्रवाई की जा रही है।
खनिज अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए वाहन बिना वैध रॉयल्टी पर्ची और अनुमति के खनिजों का परिवहन कर रहे थे। संबंधित वाहन चालकों और मालिकों पर एमएमडीआर एक्ट के तहत जुर्माना लगाया गया और मौके पर ही राशि वसूली गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संपदा का अवैध दोहन करने वालों के खिलाफ भविष्य में और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



