रेलवे ट्रैक पर महिला का शव, पास में मिला पांच महीने का जीवित बच्चा

अकलतरा (छत्तीसगढ़)। कोटमीसोनार गांव से गुजरने वाले रेलवे ट्रैक पर शनिवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जब एक महिला का शव रेलवे ट्रैक पर मिला और उसके पास ही पांच महीने का एक बच्चा जीवित अवस्था में पाया गया। यह दृश्य देखकर स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई।
मामले की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, बच्चे को तुरंत इलाज के लिए अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला का शव ट्रैक पर बुरी हालत में पड़ा हुआ था, लेकिन हैरान करने वाली बात यह थी कि उसका मासूम बच्चा सुरक्षित और जीवित था। यह दृश्य देख लोगों की आंखें भर आईं।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। महिला की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है, साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और साजिश है।
बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है और प्रशासन उसके परिजनों का पता लगाने की कोशिश कर रहा है। यह घटना न केवल रहस्यमय है बल्कि मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली भी है।



