हमर छत्तीसगढ़

बिलासपुर में नाले में डूबने से 15 वर्षीय छात्र की मौत दोस्तों को नहीं लगी भनक

बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय छात्र की नाले में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम रिंगवार निवासी जितेंद्र पैकरा के रूप में हुई है, जो नवमीं कक्षा का छात्र था। वह अपने दोस्तों के साथ गांव के पास स्थित एक बरसाती नाले में नहाने गया था, जहां तेज बहाव के कारण वह पानी में बह गया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर जितेंद्र घर से खेलने की बात कहकर निकला था और दोस्तों के साथ नाले में नहाने चला गया। नहाते समय उसका पैर नाले में उगी झाड़ियों में फंस गया और वह पानी में डूब गया। हादसे के वक्त उसके साथ मौजूद दोस्तों को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब वे पानी से बाहर निकले और जितेंद्र नहीं मिला, तब उन्होंने आसपास खोजबीन की लेकिन सफलता नहीं मिली।

घबराए दोस्तों ने अंततः जितेंद्र के परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। देर शाम उसकी लाश नाले की झाड़ियों के बीच फंसी हुई मिली।

पुलिस को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Back to top button