हमर छत्तीसगढ़

कोरबा में कार चालक का अपहरण, बंदूक की नोक पर लूटी गाड़ी और मोबाइल

कोरबा में कार चालक का अपहरण, बंदूक की नोक पर लूटी गाड़ी और मोबाइल

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। चार अज्ञात युवकों ने एक कार चालक को बंदूक और चाकू की नोक पर अगवा कर उसकी कार और मोबाइल लूट लिया। पूरी घटना टोल नाके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।

जानकारी के अनुसार, चांपा निवासी अंकुश यादव टैक्सी स्टैंड से अपनी स्विफ्ट डिजायर कार लेकर कोरबा के लिए निकला था। चार युवकों ने कार बुक की और कोरबा चलने को कहा। जब गाड़ी बरपाली के पास पहुंची, तो आरोपियों ने उल्टी का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई। तभी अचानक एक युवक ने अंकुश के गले पर चाकू तान दिया और दूसरे ने बंदूक दिखाकर उसे डराया। इसके बाद चालक को अगवा कर बांगो थाना क्षेत्र के जंगल में ले जाकर उतार दिया और उसका मोबाइल भी छीन लिया।

चालक को जंगल में छोड़ने के बाद चारों आरोपी कार लेकर अंबिकापुर की ओर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने सभी संभावित रास्तों पर नाकाबंदी कर दी है और चारों आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। उरगा पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button