बीजापुर में एंटी नक्सल ऑपरेशन को बड़ी सफलता, जनताना सरकार का उपाध्यक्ष गिरफ्तार
बीजापुर (छत्तीसगढ़)। राज्य में नक्सलवाद के सफाये के लिए चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के तहत सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। डल्ला आरपीसी जनताना सरकार के उपाध्यक्ष मोड़ियम सुक्कू को जवानों ने गिरफ्तार कर नक्सल नेटवर्क को करारा झटका दिया है। उसके पास से टिफिन बम, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
तेज रफ्तार ने छीनी ज़िंदगी: स्कूटी सवार युवक की मौके पर मौत
संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, थाना बासागुड़ा और कोबरा 210 बटालियन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। यह ऑपरेशन कुम्हारपारा और धरमापुर के बीच जंगल में चलाया गया, जहां से 35 वर्षीय मोड़ियम सुक्कू को पकड़ा गया। सुक्कू डल्ला आरपीसी जनताना सरकार में उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत था और लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था।
क्या-क्या मिला नक्सली के पास से?
गिरफ्तार नक्सली के पास से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है, जिसमें शामिल हैं:
- 1 टिफिन बम
- इलेक्ट्रिक डेटोनेटर
- कार्डेक्स वायर
- इलेक्ट्रिक वायर
- पावर सोर्स बैटरी
- खुदाई में इस्तेमाल होने वाला औजार
ये सभी सामग्री सुरक्षाबलों या आम नागरिकों को नुकसान पहुँचाने की साजिश के तहत एकत्र की गई थी।
पहले से लंबित था वारंट
पुलिस के अनुसार, थाना बासागुड़ा में मोड़ियम सुक्कू के खिलाफ एक स्थायी वारंट पहले से लंबित था। यह गिरफ्तारी न सिर्फ एक बड़े साजिश को विफल करने में सफल रही है, बल्कि नक्सल संगठन के नेटवर्क को भी कमजोर करने वाली साबित होगी।
बीजापुर सहित बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान पिछले कुछ वर्षों से लगातार तेज हुआ है। केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त रणनीति के चलते नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी आई है, जिसमें सुरक्षाबलों को कई महत्वपूर्ण सफलताएं भी मिली हैं।



