झोलाछाप डॉक्टर निकला कातिल, बुजुर्ग दंपत्ति की नृशंस हत्या की, पुलिस ने किया खुलासा

रायपुर। अभनपुर इलाके में बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि एक झोलाछाप डॉक्टर निकला है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, वाहन समेत अन्य सामान भी जब्त कर लिया गया है।
भाजपा ने प्रेस वार्ता में उजागर किया कांग्रेस का झूठ, भूपेश बघेल पर लगाए गंभीर आरोप
घटना 16 जुलाई की है, जब बिरोदा गांव के ईश्वर साहू ने गोडपारा में बुजुर्ग भुखन ध्रुव और उनकी पत्नी रूखमणी ध्रुव की लाश घर में मिलने की सूचना पुलिस को दी थी। दोनों के गले पर धारदार हथियार के घाव थे, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या का केस दर्ज किया।
आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में 5 टीमें बनाई गईं। गांव में पांच दिन तक डेरा डालकर 200 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और फॉरेंसिक रिपोर्ट की गहन जांच हुई, जिसमें बड़ी बात सामने आई।
जांच में सामने आया कि घटना के दिन एक डॉक्टर को बुजुर्गों के घर से निकलते देखा गया था। उसकी पहचान डॉ. राकेश कुमार बारले के रूप में हुई, जो धमतरी के कुरूद इलाके का निवासी है। आरोपी ने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
हत्या का कारण बेहद चौंकाने वाला है। आरोपी ने बताया कि बुजुर्गों द्वारा ताने मारने और अपमानित करने के कारण उसने गुस्से में आकर इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की कार्रवाई जारी है



