हमर छत्तीसगढ़

नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता: बस्तर में 1.77 करोड़ के इनामी 38 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बीजापुर और कांकेर जिलों में कुल 38 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिन पर कुल 1.77 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। इनमें कई शीर्ष माओवादी नेता शामिल हैं, जिन्होंने पुलिस और प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा से जुड़ने का संकल्प लिया।

बीजापुर में 25 नक्सलियों ने छोड़ा हथियार

बीजापुर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यहां 25 लाख के इनामी SZCM समेत कुल 25 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी फायरिंग, आईईडी ब्लास्ट, आगजनी और अपहरण जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। इन सभी पर कुल मिलाकर 1 करोड़ 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

कांकेर में 13 इनामी नक्सलियों का सरेंडर

इसी के साथ कांकेर जिले में 62 लाख के इनामी 13 नक्सलियों ने भी आत्मसमर्पण किया है। इनमें 5 महिला नक्सली और एक कंपनी कमांडर शामिल हैं। ये सभी नक्सली लंबे समय से संगठन में सक्रिय थे और कई हिंसक घटनाओं में शामिल रहे।

आत्मसमर्पण करने वालों की प्रोफ़ाइल

सरेंडर करने वालों में—

  • SZCM – 01
  • DVCM – 02
  • कंपनी PPCM – 02
  • बटालियन व कंपनी पार्टी सदस्य – 03
  • ACM (एरिया कमेटी सदस्य) – 08
  • LOS सदस्य – 04
  • जनताना सरकार अध्यक्ष व उपाध्यक्ष – 02
  • मिलिशिया कंपनी सदस्य – 01

“नियद नेल्लानार” योजना बनी बदलाव की वजह

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सरकार की पुनर्वास नीति और विशेष योजना “नियद नेल्लानार” से प्रभावित होकर इन नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ने का फैसला किया है। आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये की नकद सहायता भी दी गई है।

आत्मसमर्पण कार्यक्रम में अधिकारी मौजूद

प्रक्रिया के दौरान बस्तर आईजी पी. सुंदरराज, डीआईजी कमलोचन कश्यप, सीआरपीएफ डीआईजी बीएस नेगी, बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र यादव, कांकेर एसपी आई. कल्याण एलिसेला समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

Related Articles

Back to top button