मंत्रिमंडल विस्तार पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा की दो टूक—”छटपटाने की ज़रूरत नहीं”

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही अटकलों के बीच उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सधी हुई प्रतिक्रिया दी है। रायपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने साफ कहा कि “कुछ ना कुछ पद तो खाली होते ही हैं, जब ज़रूरत होगी, मुख्यमंत्री तय करेंगे।”
डिप्टी सीएम ने मंत्रिमंडल के वर्तमान स्वरूप को पर्याप्त बताते हुए कहा—“मंत्रिमंडल बना है और कामकाज सुचारू रूप से चल रहा है। फिर इतनी छटपटाहट क्यों है? किसी को छटपटाने की आवश्यकता नहीं है।”
इस बयान से स्पष्ट है कि सरकार अभी विस्तार को लेकर जल्दबाज़ी में नहीं है और फैसला पूरी तरह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विवेक पर छोड़ा गया है।
घुसपैठ पर रोक के लिए पंचायत स्तर पर ‘पलायन पंजी’ लाने की तैयारी
वहीं, प्रदेश में घुसपैठ रोकने के लिए एक नई पहल पर विचार किया जा रहा है। डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा ने जानकारी दी कि सरकार पंचायत स्तर पर ‘पलायन पंजी’ या ‘श्रमवीर पंजी’ नामक एक नया रिकॉर्ड सिस्टम लाने पर गंभीरता से मंथन कर रही है।
उन्होंने कहा कि “गांवों में बड़ी संख्या में बाहरी लोग आकर बस रहे हैं। इन्हें चिन्हित करना अब जरूरी हो गया है।”
इस पंजी का उद्देश्य गांव में पहले से रह रहे स्थायी नागरिकों और बाहर से आए नए लोगों की अलग-अलग सूची बनाना है। वर्तमान में पंचायतों में 16 प्रकार की पंजियां रखी जाती हैं, जिनमें यह एक नई पंजी जोड़ी जा सकती है।
हालांकि अभी इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन सरकार इसे लेकर नीतिगत तैयारी कर रही है। इससे आंतरिक सुरक्षा और स्थानीय संसाधनों के संतुलन को बेहतर बनाए जाने की उम्मीद है।



