हमर छत्तीसगढ़

रेलवे स्टेशनों पर खुलेंगी ब्रांडेड दुकाने, छत्तीसगढ़ी उत्पादों को भी मिलेगा बढ़ावा

रायपुर। अब रायपुर रेल मंडल के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। मंडल प्रशासन ने रायपुर, दुर्ग, भाटापारा और भिलाई पावर हाउस स्टेशनों पर प्रीमियम ब्रांड की दुकानों की शुरुआत करने का फैसला किया है। यहां यात्रियों को कपड़े, जूते, यात्रा सहायक सामग्री, हर्बल प्रोडक्ट्स और शिल्पकला जैसे उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ये दुकानें गैर-किराया राजस्व नीति के अंतर्गत खोली जाएंगी। इसमें सिंगल ब्रांड रिटेलर्स को ही मौका दिया जाएगा। शुरुआत में दुकानों का करार 5 साल के लिए होगा, जिसे अच्छे प्रदर्शन पर 9 साल तक बढ़ाया जा सकेगा। हालांकि, खाने-पीने का सामान इन दुकानों में नहीं बेचा जाएगा।

 

सीनियर DCM अवधेश कुमार त्रिवेदी ने बताया कि यात्रियों को बेहतर विकल्प देने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला, हथकरघा, जनजातीय उत्पाद और हर्बल सामान को भी बढ़ावा मिलेगा। फैशन और यात्रा सामग्री से जुड़े ब्रांड्स जैसे सैमसोनाइट, वीआईपी, अमेरिकन टूरिस्टर, एरो, बीबा, पीटर इंग्लैंड, नाइकी, एडिडास और प्यूमा जैसे बड़े नाम भी इन आउटलेट्स में शामिल हो सकते हैं।

 

रेलवे का मानना है कि इससे न केवल यात्रियों की सुविधाएं बढ़ेंगी बल्कि स्थानीय ब्रांड्स को राष्ट्रीय पहचान भी मिलेगी। दुर्ग और भिलाई पावर हाउस जैसे व्यस्त स्टेशनों पर इन दुकानों से आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

 

Related Articles

Back to top button