रमन सिंह बेंगलुरु में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ सम्मेलन में होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह 11 से 13 सितंबर तक कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र के 11वें सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन विधान सौध में होगा जिसकी अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे।
डॉ. रमन सिंह सम्मेलन में “विधायी संस्थानों में संवाद और चर्चा – जन विश्वास का आधार, जन आकांक्षाओं की पूर्ति का माध्यम” विषय पर अपने विचार रखेंगे। वे बताएंगे कि लोकतंत्र की बुनियाद माने जाने वाले संवाद, बहस और सहमति की प्रक्रिया को जन आकांक्षाओं की पूर्ति का साधन कैसे बनाया जा सकता है।
इस सम्मेलन में देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विधानमंडलों के सभापति, अध्यक्ष, पीठासीन अधिकारी और सचिवगण शामिल हो रहे हैं। तीन दिवसीय कार्यक्रम में संसदीय महत्व के मुद्दों पर विचार-विमर्श, अनुभवों का आदान-प्रदान और सर्वोत्तम संसदीय प्रथाओं को साझा किया जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार, डॉ. रमन सिंह आज शाम 7 बजे बेंगलुरु रवाना होंगे और 12-13 सितंबर को सीपीए सम्मेलन में शामिल होकर 13 सितंबर की शाम रायपुर लौट आएंगे।



