हमर छत्तीसगढ़

दुर्ग रेंज में एक युद्ध नशे के विरुद्ध : 24 घंटे में 250 ठिकानों पर छापामारी, 200 से अधिक गिरफ्तार

बालोद :- पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में एक युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत रेंज में ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। बीते 24 घंटों के भीतर दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों में 250 से अधिक ठिकानों पर छापामारी कर 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान आरोपियों के पास से 26 किलो गांजा, नशीले पदार्थ, 126 लीटर शराब और प्रतिबंधित टैबलेट जब्त की गई।

अभियान का उद्देश्य नशे और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर संभाग में अपराध को शून्य करना रहा। मिशन को सफल बनाने के लिए 80 से अधिक टीमों का गठन किया गया, जिनमें 500 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे। एक साथ की गई इस कार्रवाई के जरिए उन छोटे पैडलर्स के नेटवर्क को तोड़ा गया जो गली-मोहल्लों और छोटी दुकानों के माध्यम से नशे का धंधा करते थे।

15 सितंबर की दोपहर से शुरू हुए इस अभियान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू और पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश पटेल के मार्गदर्शन में जिलों में विशेष टीमें बनाकर दबिश दी गई। दुर्ग जिले में लगभग 160 स्थानों पर कार्रवाई कर 120 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें NDPS के 16 प्रकरण, आबकारी एक्ट के 23 प्रकरण और प्रतिबंधात्मक कार्यवाही में 89 आरोपी शामिल रहे। बालोद जिले में 50 स्थानों पर दबिश दी गई, जहां से 31 आरोपी गिरफ्तार किए गए, जिनमें NDPS एक्ट में 4, आबकारी एक्ट में 4 और प्रतिबंधात्मक कार्यवाही में 23 शामिल हैं। वहीं, बेमेतरा जिले में 60 स्थानों पर दबिश देकर 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

इस व्यापक अभियान ने नशे के फैलाव पर रोक लगाने और युवाओं को इसके दुष्प्रभाव से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम प्रस्तुत किया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों को अब बख्शा नहीं जाएगा। समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के प्रति पुलिस की यह प्रतिबद्धता एक बड़ी पहल मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button