हमर छत्तीसगढ़

बालोद की सड़कें बनी खतरे का सबब नशेड़ी ड्राइवर पर कार्रवाई की मांग तेज

बालोद:- छत्तीसगढ़ के बालोद जिला में अर्जुंदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक हादसा टल गया, वरना दर्जनों लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। खुटेरी गांव से तेज रफ्तार में निकला ट्रक नजरू ईटा भट्ठा के पास अनियंत्रित हो गया। ट्रक 5 फीट नीचे उतरकर झाड़ियों व आम के पेड़ को तोड़ते हुए बीच सड़क पर खड़ा हो गया। घटना 11:30 बजे से लेकर 1 बजे तक चली और इस दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ड्राइवर शराब के नशे में धुत था और अपने पैरों पर खड़ा तक नहीं हो पा रहा था। हादसे के बाद ग्राम मेंड़की निवासी वाहन मालिक मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दिए बिना ट्रक को वहां से ले गया। उसकी यह हरकत ग्रामीणों को बेहद नागवार गुजरी और सभी ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।यह सड़क सिकोसा से राजनांदगांव तक जाती है और हमेशा व्यस्त रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर उस समय कोई बस या बाइक ट्रक के सामने आ जाती तो भयानक हादसा हो सकता था।इस पूरे मामले ने न केवल वाहन मालिक की लापरवाही उजागर की है बल्कि पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल उठाए हैं। यातायात पुलिस नशे में ड्राइविंग पर नियमित अभियान चला रही है, लेकिन जब तक ऐसे गैर-जिम्मेदार मालिक और चालक पर कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक हादसों का खतरा बना रहेगा।

Related Articles

Back to top button