हमर छत्तीसगढ़

रतनपुर में तलवार से केक काटकर जन्मदिन मनाने वाले 15 युवक गिरफ्तार, 9 नाबालिग शामिल

बिलासपुर। रतनपुर के नेशनल हाईवे के सर्विस रोड पर 15 युवकों ने तलवार से केक काटकर और पटाखे फोड़कर अपने दोस्त का जन्मदिन मनाया। इस जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें 6 बालिग और 9 नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने तलवार और जश्न में इस्तेमाल की गई गाड़ी भी जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, खैरखुंडी गांव के ये युवक देर रात अपने दोस्त के जन्मदिन का जश्न मना रहे थे। स्कूटी पर चार केक रखे गए, और बर्थडे बॉय ने तलवार से केक काटा। इसके बाद युवकों ने सड़क पर पटाखे फोड़े, डायलॉगबाजी की, और रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया।

वीडियो वायरल होने के बाद रतनपुर थाना प्रभारी की टीम ने जांच शुरू की और वीडियो में दिख रहे सभी 15 युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त सामग्री में तलवार और जश्न में इस्तेमाल की गई गाड़ी शामिल है।

Related Articles

Back to top button