हमर छत्तीसगढ़

कोरबा में राशन दुकान की टोकरी से निकला कोबरा, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित छोड़ा जंगल में

कोरबा। जिले के एक राशन दुकान में उस समय अफरातफरी मच गई जब प्लास्टिक की टोकरी से पांच फीट लंबा जहरीला कोबरा सांप निकल आया। सांप फन फैलाकर जोर-जोर से फुंकार मार रहा था, जिसे देखकर दुकानदार और ग्राहक घबरा गए और तुरंत बाहर भाग खड़े हुए। घटना शनिवार की है।

दुकान संचालक नीतीश साहू सामान निकालने अंदर गए थे, तभी उन्होंने टोकरी में फंसे कोबरा को देखा। अचानक निकली फुंकार से उनकी हालत खराब हो गई और उन्होंने तुरंत बाहर आकर मदद मांगी।

सूचना मिलते ही नोवा नेचर संस्था की टीम मौके पर पहुंची। सचिव मोइज अहमद और सदस्य बबलू मारवा ने करीब आधे घंटे की मशक्कत कर टोकरी को काटकर सांप को सुरक्षित निकाला। बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू पूरा होते ही आसपास के लोग राहत की सांस लेने लगे।

संस्था के सदस्य जितेंद्र सारथी ने बताया कि जिलेभर से उन्हें रोजाना 30 तक कॉल जहरीले सांपों के रेस्क्यू के लिए मिलते हैं। इनमें कोबरा, करैत, अजगर और अन्य खतरनाक प्रजातियां शामिल होती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं, दूरी बनाए रखें और तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि अगर सांप बास्केट में फंसा न होता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। गनीमत रही कि समय रहते उसे सुरक्षित निकाल लिया गया।

Related Articles

Back to top button