लोहे के रिंग वाले ट्रैक्टर अब सड़कों पर नहीं चलेंगे, परिवहन विभाग ने जारी किया आदेश

दंतेवाड़ा। जिले में अब लोहे के रिंग लगे ट्रैक्टरों को सड़कों पर चलाने की अनुमति नहीं होगी। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे ट्रैक्टरों का इस्तेमाल केवल खेती-किसानी के कार्यों तक ही सीमित रहेगा।
जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इन ट्रैक्टरों के चलते ग्रामीण और सीमेंट सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है और दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है। यही कारण है कि विभाग ने इन वाहनों को सार्वजनिक सड़कों पर चलाने पर प्रतिबंध लगाया है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि किसी वाहन मालिक को लोहे के रिंग लगे ट्रैक्टर को सामान्य या सीमेंट सड़कों पर चलाते पाया गया, तो मोटरयान अधिनियम के तहत कड़ी चालानी कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने सभी ट्रैक्टर मालिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और इन वाहनों का उपयोग सिर्फ खेतों में ही करें, ताकि सड़कों की क्षति और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।



