हमर छत्तीसगढ़

बालोद में 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की तैयारी बैठक संपन्न —

उमंग, उत्साह और संकल्प के साथ सफलता की ओर कदम

बालोद:- छत्तीसगढ़ के बालोद में खेल भावना और संगठनात्मक उत्कृष्टता का संगम देखने को मिला जब बालोद में आगामी 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु महत्वपूर्ण तैयारी बैठक संपन्न हुई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और अधिकारियों की जिम्मेदारियों पर गहन चर्चा की गई। सभी उपस्थित अधिकारियों ने एकजुटता और समर्पण के साथ इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।बैठक का संचालन नोडल अधिकारी मधु हर्ष संयुक्त कलेक्टर प्राची ठाकुर डिप्टी कलेक्टर के नेतृत्व में हुआ। मधुलिका तिवारी जिला शिक्षा अधिकारी बालोद के मार्गदर्शन में आयोजन की सूक्ष्म तैयारियों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला सहायक क्रीड़ा अधिकारी किशोर मेहरा, खेल समन्वयक सपन जेना, एबीईओ उमा ठाकुर, सेजस हिंदी माध्यम स्कूल बालोद के प्राचार्य अरुण साहू तथा सेजस इंग्लिश माध्यम स्कूल बालोद की प्राचार्य लीनु तुली सहित जिले के सभी व्यायाम शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।बैठक में खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था, पौष्टिक भोजन, परिवहन सुविधा, खेल मैदान की समुचित तैयारी, आवश्यक खेल सामग्री और सुरक्षा प्रबंध जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया। यह तय किया गया कि हर स्तर पर खिलाड़ियों को सुविधाजनक और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान किया जाएगा ताकि वे अपने प्रदर्शन से न केवल जिला बल्कि पूरे राज्य का मान बढ़ा सकें सभी अधिकारियों ने कहा कि यह प्रतियोगिता बालोद जिले के लिए गौरव का क्षण है और इसे उत्कृष्ट आयोजन के रूप में स्थापित किया जाएगा। समन्वय और सहयोग की भावना के साथ इस राज्य स्तरीय क्रीड़ा महोत्सव को यादगार बनाने का संकल्प दोहराया गया।खेल के प्रति समर्पण और संगठन की मजबूती के साथ बालोद अब तैयार है — “मैदान में पसीना बहाकर सफलता की नई इबारत लिखने के लिए।”

Related Articles

Back to top button