हमर छत्तीसगढ़

डौंडीलोहारा को मिली विकास की नई रफ्तार — अमृत मिशन जलप्रदाय योजना के भूमि पूजन संग मार्ग सुदृढ़ीकरण की महत्वपूर्ण मांगों पर उपमुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन

बालोद:- छत्तीसगढ़ के बालोद जिला में नगर पंचायत डौंडीलोहारा के  विकास की दिशा में ऐतिहासिक साबित हुआ, जब अमृत 2.0 मिशन अंतर्गत जलप्रदाय योजना के भूमि पूजन एवं अटल चौक के लोकार्पण समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री माननीय अरुण साव पहुँचे। कार्यक्रम में अध्यक्षता कर रही स्थानीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिला भेड़िया ने अवसर का उपयोग करते हुए अपने क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मांगे मंच से मजबूती के साथ रखीं। उन्होंने जनसुविधा, सहूलियत एवं सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए सड़क विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया विधायक अनिला भेड़िया ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव के सामने डौंडीलोहारा क्षेत्र की चार अत्यंत जरूरी सड़क परियोजनाओं का मामला प्रमुखता से रखा। इनमें माटरी से हितकसा मार्ग के उन्नयन, खोलझर मुख्य सड़क से गांधीनगर तक पहुंच मार्ग के सुधार, मस्जिद चौक से धनगांव तक सड़क सुदृढ़ीकरण तथा संबलपुर–डौंडीलोहारा स्थित विश्रामगृह के विस्तार कार्य का प्रस्ताव शामिल था। उन्होंने बताया कि ये सभी मार्ग ग्रामीणों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम जनजीवन से जुड़े लोगों के लिए प्रतिदिन की आवश्यकताओं का मार्ग हैं, जिनके जल्द सुधार से पूरे क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएँ जन्म लेंगी।विधायक द्वारा रखे गए बिंदुओं को उपमुख्यमंत्री ने पूरे ध्यान से सुना और सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वस्त किया कि इन योजनाओं को शीघ्र आगे बढ़ाया जाएगा। अरुण साव ने स्पष्ट कहा कि यदि वर्तमान बजट में प्रावधान उपलब्ध हुआ तो तुरंत स्वीकृति प्रदान की जाएगी, और अगर नहीं हुआ तो आगामी बजट में आवश्यक प्रावधान शामिल कर इन कार्यों को प्राथमिकता के साथ मंजूरी दी जाएगी। उपमुख्यमंत्री के इस आश्वासन से उपस्थित जनसमूह में उत्साह और संतोष की लहर देखी गई।कार्यक्रम स्थल पर जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। इस दौरान प्रदेश प्रतिनिधि अनिल लोढ़ा, नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष लोकेश्वरी साहू, जिला प्रतिनिधि हस्तीमल सांखला, नगर पंचायत विधायक प्रतिनिधि गोपी साहू सहित अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में व्यक्त किया कि आज का दिन डौंडीलोहारा के विकास इतिहास में एक बड़ा कदम साबित हुआ है, क्योंकि जलप्रदाय योजना के भूमि पूजन के साथ—साथ सड़क और आधारभूत संरचना सुधार की ठोस दिशा मिली है।कार्यक्रम में जनता के बीच यह संदेश गया कि शासन विकास के प्रति प्रतिबद्ध है और क्षेत्रीय जरूरतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। डौंडीलोहारा में बेहतर पेयजल व्यवस्था, मजबूत सड़क नेटवर्क और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार आने वाले समय में न केवल नागरिकों के जीवनस्तर को ऊँचा करेगा बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी गति प्रदान करेगा।इस प्रकार, यह आयोजन मात्र एक शासकीय कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि डौंडीलोहारा के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में उठाया गया सशक्त कदम बनकर सामने आया।

Related Articles

Back to top button