नियद नेल्लानार से बदलती तस्वीर, विकास की तेज़ रफ्तार

संपादक:- मीनू साहू
रिपोर्टर:- उत्तम साहू
बालोद:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच के तहत नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। “नियद नेल्लानार” योजना ने उन क्षेत्रों में उम्मीद की लौ जलाई है, जहां वर्षों से बुनियादी सुविधाएं पहुंचने में बाधाएं थीं। अब गांवों में तरक्की साफ नजर आने लगी है—सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी जरूरतें तेजी से साकार हो रही हैं।
इस परिवर्तनकारी पहल से प्रभावित होकर सुदूर अंचल आलपरस और गुंदूर के ग्रामीणों ने यशवंत जैन के संभागीय नेतृत्व में मुख्यमंत्री साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के समक्ष भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह कदम दर्शाता है कि अब विश्वास जमीन पर उतर चुका है और जनता विकास के साथ खड़ी है।
इस योजना के अंतर्गत एक दर्जन से अधिक विभागों के समन्वय से 30+ जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। आवास से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य से लेकर आधारभूत ढांचे तक हर क्षेत्र में व्यापक सुधार हो रहा है, जिससे ग्रामीण जीवन स्तर में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिल रहा है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ विधायक विक्रम उसेंडी के मार्गदर्शन में यह जनसमर्थन और मजबूत हुआ है, जो भाजपा के प्रति बढ़ते भरोसे की स्पष्ट तस्वीर पेश करता है।
इस बढ़ते जनविश्वास पर मुखर होते हुए यशवंत जैन ने कहा कि भाजपा का जनसेवा आधारित अभियान ही वह ताकत है, जिसने छत्तीसगढ़ में नई राजनीतिक ऊर्जा का संचार किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्णायक नेतृत्व ने राज्य को विकास के पथ पर अग्रसर करते हुए एक मजबूत और प्रभावी पहचान दिलाई है।



