राकेश जोशी बने पीएचईडी कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष,
राजनांदगांव में फूल-मालाओं और आतिशबाजी से हुआ भव्य स्वागत

संपादक :- मीनू साहू
राजनांदगांव:- छत्तीसगढ़ राज्य पीएचईडी कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन में संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष शिवेश धर दीवान के अस्वस्थ होने के कारण प्रदेश कार्यकारिणी ने आगामी बैठक तक प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश जोशी को एसोसिएशन का कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में प्रदेश सचिव विनोद अग्रवाल द्वारा आधिकारिक सूचना जारी कर नियुक्ति की पुष्टि की गई।
जैसे ही राकेश जोशी को नई जिम्मेदारी सौंपे जाने की घोषणा हुई, राजनांदगांव के पीएचईडी ठेकेदारों में उत्साह का माहौल बन गया। पीएचईडी कार्यालय के समीप बड़ी संख्या में ठेकेदार एकत्रित हुए और आतिशबाजी कर अपनी खुशी व्यक्त की। इस दौरान राकेश जोशी का फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया तथा मिठाई खिलाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
उपस्थित सदस्यों ने संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके सफल नेतृत्व पर विश्वास जताया।स्वागत समारोह में सुरेंद्र दास वैष्णव, अमीन हुड्डा, निलेश श्रीवास्तव, नितिन भाटी, त्रिगुण टाक, दीपक शर्मा, अतुल अग्रवाल, विनय बिंदल, निखिल दास, सारांश अजमानी, नितिन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पीएचईडी ठेकेदार मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि राकेश जोशी के नेतृत्व में संगठन और अधिक सुदृढ़ होगा तथा प्रदेशभर के ठेकेदारों की समस्याओं को शासन एवं विभाग के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि नए नेतृत्व में लंबित भुगतान, विभागीय प्रक्रियाओं के सरलीकरण, ठेकेदारों के अधिकारों की सुरक्षा और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर संगठन पहले से अधिक मजबूती के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन हमेशा ठेकेदारों के हितों की आवाज बनकर खड़ा रहा है और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ अपनी भूमिका निभाता रहेगा।
नवनियुक्त कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष राकेश जोशी ने सभी साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक पीएचईडी ठेकेदार के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय तथा प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।



