हमर छत्तीसगढ़

झमाझम बारिश में गरजी कांग्रेस, विधायक इंद्रशाह मंडावी का भाजपा पर सीधा हमला! बोले

किसान बेहाल, सरकार बेखबर अब बूथ-बूथ से होगा जवाब

संपादक:- मीनू साहू

मोहला-मानपुर।:- मूसलाधार बारिश के बीच मानपुर विधानसभा क्षेत्र की सियासत भी गरमा गई। नक्सल प्रभावित औंधी क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विकास कार्यों की आधारशिला रखने पहुंचे विधायक इंद्रशाह मंडावी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय होने का आह्वान करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का किसान आज खाद, बीज और समर्थन मूल्य जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहा है, जबकि सरकार वास्तविक समस्याओं से मुंह मोड़कर केवल दावे करने में व्यस्त है।

विधायक ने ग्राम नवागढ़ में सामुदायिक भवन, ग्राम मोरचूल में यात्री प्रतीक्षालय, ग्राम कोहका में रंगमंच तथा ग्राम नीड़ेली में आंगा देवता मोरकाल देवस्थल भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों से साबित होता है और ग्रामीण क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

इसके बाद आयोजित कांग्रेस की मंडल बैठक राजनीतिक रणनीति का केंद्र बनी। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव पहुंचने, प्रत्येक मतदान केंद्र पर संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा आम जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के निर्देश दिए गए। विधायक ने कहा कि मजबूत संगठन ही लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत है और जनता के विश्वास से ही राजनीतिक परिवर्तन संभव होता है।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक मंडावी ने आरोप लगाया कि खेती के सबसे महत्वपूर्ण समय में किसानों को पर्याप्त खाद और गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। कई किसान समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित रहे, जबकि जांच के नाम पर उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्थाएं किसानों का मनोबल तोड़ने का काम कर रही हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रति एकड़ केवल एक बोरी खाद उपलब्ध कराना कृषि व्यवस्था का मजाक है। उनके अनुसार अन्नदाता बढ़ती लागत, मौसम की अनिश्चितता और संसाधनों की कमी से जूझ रहा है, लेकिन सरकार उसकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने के बजाय बड़े उद्योग समूहों के हितों को प्राथमिकता दे रही है।

कार्यक्रम में जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष घसियाराम नाग, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बालचंद कोरेटी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष देवानंद कौशिक, जनपद सदस्य पुष्पा आतराम, हरिशंकर मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि ऋषभ ठाकुर, सागर सिन्हा, सरपंच बालाराम मंडावी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के समापन पर संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाकर जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Back to top button