माही विज का छलका दर्द, प्रेग्नेंसी की अफवाहों ने छीना करियर

मुंबई। टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री माही विज ने लंबे समय बाद अपने करियर में आई रुकावटों पर खुलकर बात की है। वर्षों से छोटे पर्दे से गायब माही अब कमबैक करना चाहती हैं, लेकिन उनके मुताबिक शादी और प्रेग्नेंसी की अफवाहों ने उनके अभिनय करियर को काफी प्रभावित किया।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में माही ने बताया कि कैसे इंडस्ट्री में उन्हें सिर्फ इस अफवाह के चलते काम देना बंद कर दिया गया कि वह प्रेग्नेंट हैं। उन्होंने कहा, “अगर हमने बच्चा 30 की उम्र से पहले कर लिया होता तो मैं नैचुरली कंसीव कर लेती, लेकिन मैंने काम की वजह से इंतजार किया। फिर जब आईवीएफ कराया, तो उसमें काफी पैसा लगा, लेकिन कभी नहीं सोचा कि इससे करियर रुक जाएगा।”
माही के अनुसार कई बार लोगों ने बिना पुष्टि किए मान लिया कि वह गर्भवती हैं, और इसीलिए उन्हें साइन नहीं किया गया। एक बार तो उन्हें एक शो के बीच से इसलिए हटा दिया गया क्योंकि मेकर्स को लगा कि वह कभी भी प्रेग्नेंट हो सकती हैं।
“शादी करने का मतलब ये नहीं होता कि मैं मां बनने वाली हूं,” माही ने कहा। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे अनुभवों ने उन्हें मानसिक रूप से प्रभावित किया, लेकिन उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी।
आज भी माही के पास कोई प्रोजेक्ट नहीं है, लेकिन वह अपने कमबैक को लेकर आशान्वित हैं। उन्होंने कहा, “अगर एक रास्ता बंद होता है तो भगवान दूसरा जरूर खोलते हैं। मैं इंतजार कर रही हूं।”
माही की यह कहानी मनोरंजन जगत में महिलाओं के साथ होने वाले पूर्वाग्रहों की सच्चाई को उजागर करती है।