हमर छत्तीसगढ़

स्कूल शिक्षा विभाग ने 1227 व्याख्याताओं को दी पदोन्नति, मुख्यमंत्री के निर्देश पर जारी हुआ आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने 23 जुलाई को विभिन्न विषयों के कुल 1227 व्याख्याता (टी संवर्ग) शिक्षकों को पदोन्नति देने का आदेश जारी किया है। यह पदोन्नति हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र और वाणिज्य जैसे मुख्य विषयों में की गई है। पदस्थापना की प्रक्रिया काउंसिलिंग के माध्यम से संपन्न होगी।

राज्य सरकार ने यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर लिया है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में शिक्षा क्षेत्र में सुधार और शिक्षकों के हित में त्वरित निर्णयों को प्राथमिकता देने की बात कही थी। यह आदेश शिक्षकों को समय पर पदोन्नति और अवसर प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

पिछले एक वर्ष में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जिला और संभाग स्तर पर करीब 7000 पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इसके अलावा 2621 सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला) की सीधी भर्ती भी काउंसिलिंग के माध्यम से की गई है, जिससे प्रयोगात्मक शिक्षा को मजबूती मिली है।

इससे पहले 30 अप्रैल को 2900 प्राचार्यों के भी पदोन्नति आदेश जारी किए गए थे। आने वाले समय में इन प्राचार्यों की पदस्थापना भी काउंसिलिंग के जरिए की जाएगी ताकि स्थान-आवश्यकता और पारदर्शिता के आधार पर उचित व्यवस्था की जा सके।

हालांकि, ई संवर्ग के प्राचार्यों का मामला माननीय न्यायालय में लंबित है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के निर्देशानुसार समयबद्ध रूप से कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button