रायपुर के होटल में युवती का ड्रग्स लेते वीडियो वायरल, कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने

रायपुर। राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में युवती द्वारा ड्रग्स लेने का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। वायरल वीडियो में युवती 500 रुपए के नोट पर ड्रग्स की लाइन बनाते और चाटते हुए नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
कांग्रेस का आरोप – सरकार दे रही ड्रग्स माफिया को संरक्षण
वायरल वीडियो को लेकर पूर्व कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में ड्रग्स माफिया को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे में झोंका जा रहा है, ड्रग्स खुलेआम पहुंच रहे हैं, और डबल इंजन सरकार में यह नशा आ कहां से रहा है?विकास उपाध्याय ने कहा कि सरकार ड्रग्स सिंडिकेट पर कार्रवाई करने में विफल रही है।
भाजपा का पलटवार – कांग्रेस खुद संलिप्त?
कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के संगठन महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने पलटवार करते हुए कहा कि, कांग्रेस आरोप लगाने से पहले यह देखे कि कहीं वीडियो में दिखने वाली युवती कांग्रेस परिवार से तो नहीं जुड़ी है।पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही नशे का नेटवर्क फैला था। भाजपा सरकार में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों को बख्शा नहीं जाएगा।
जांच की मांग, होटल प्रबंधन पर भी सवाल
वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। विपक्ष ने मांग की है कि होटल प्रबंधन पर भी कार्रवाई हो। युवती की पहचान कर ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाए, और इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए।



