खैरागढ़ में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान युवक की हत्या, लापरवाही पर दो पुलिसकर्मी निलंबित

खैरागढ़। गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान रविवार को खून से सना माहौल उस समय दहला उठा जब 20 वर्षीय दीपक यादव पर नाबालिग आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे, जिससे पुलिस विभाग की भारी किरकिरी हुई।
यह वारदात 07 सितंबर 2025 को हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झांकी में नाच-गाने के बीच अचानक आरोपी ने चाकू निकालकर दीपक पर हमला कर दिया। युवक मौके पर ही तड़पता रह गया और उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरे शहर में आक्रोश फैल गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग पर सवाल उठने लगे। लापरवाही को देखते हुए एसपी ने रक्षित केन्द्र केसीजी में पदस्थ प्र.आर. 44 लक्ष्मण श्रीवास्तव और थाना साल्हेवारा के प्र.आर. 68 छत्रपाल सिंह पैकरा को तत्काल निलंबित कर दिया। दोनों को रक्षित केन्द्र खैरागढ़ में संबद्ध किया गया है और उन्हें वरिष्ठ अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय से बाहर न जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस घटना ने पूरे प्रदेश में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



