रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान, 91 चालक पकड़े गए

रायपुर। शहर में सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों पर नियंत्रण के लिए रायपुर पुलिस त्योहारी सीजन में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक सतीष ठाकुर व गुरजीत सिंह के नेतृत्व में रात 11 बजे से 2 बजे तक शहर के विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग कर चेकिंग की जा रही है।
पिछले 15 दिनों में 91 वाहन चालकों को नशे में वाहन चलाने के आरोप में पकड़ा गया। इनमें 32 दोपहिया, 45 कार, 11 मालवाहक वाहन और 3 ई-रिक्शा/ऑटो चालक शामिल हैं। मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर इनके खिलाफ मामले न्यायालय में पेश किए गए, जहां चालकों पर 10 से 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वर्ष 2025 में 15 सितंबर तक 1277 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनमें 532 का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया गया। पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाना चालक, अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरनाक है। इस अभियान का उद्देश्य सड़क हादसों को रोकना और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना है।
त्योहारी सीजन में बढ़ते आवागमन को देखते हुए पुलिस चेकिंग पॉइंट्स पर चालकों को नशे के दुष्परिणामों और यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रही है। रायपुर पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और नशे में वाहन न चलाएं।



