रायपुर: पीएम मोदी ने शुरू किया स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान और राष्ट्रीय पोषण माह

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के धार जिले से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया। रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी हजारों महिलाओं के साथ वर्चुअली जुड़े। मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग के स्टालों का अवलोकन किया और पोषण कैलेंडर का विमोचन किया।
पीएम मोदी का संबोधन
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत की यात्रा नारी शक्ति, युवा शक्ति, गरीब और किसान पर टिकी है। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान इस लक्ष्य को मजबूती देगा। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक देशभर में 1 लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जहां टीबी, एनीमिया और कैंसर की मुफ्त जांच और दवाइयां उपलब्ध होंगी। उन्होंने महिलाओं से इन शिविरों में भाग लेने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने कहा, “नारी शक्ति राष्ट्र का आधार है। मां के स्वस्थ होने से परिवार और समाज सशक्त होगा।” उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 4.5 करोड़ महिलाओं को 19,000 करोड़ रुपये की सहायता और सिकल सेल एनीमिया मिशन के तहत 5 करोड़ स्क्रीनिंग व 1 करोड़ कार्ड जारी होने की उपलब्धियां गिनाईं।
गरीबों और किसानों के लिए योजनाएं
प्रधानमंत्री ने बताया कि मुफ्त राशन और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं से 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने पीएम मित्र पार्क और पीएम विश्वकर्मा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे लाखों रोजगार सृजित होंगे। त्योहारों के मौके पर उन्होंने स्वदेशी उत्पाद अपनाने की अपील की ताकि देश का पैसा देश में रहे और विकास की गति बढ़े।



