हमर छत्तीसगढ़

जांजगीर: फर्जी मार्कशीट से नौकरी करने वाला सहायक शिक्षक बर्खास्त

जांजगीर। जिले के नवागढ़ ब्लॉक में शासकीय प्राथमिक शाला करमंदी में पदस्थ सहायक शिक्षक सुभाष कुमार साहू को फर्जी मार्कशीट के आधार पर नौकरी पाने के आरोप में बर्खास्त कर दिया गया है। उनके खिलाफ 12वीं कक्षा की अंकसूची में 370 अंक दिखाकर नियुक्ति पाने की शिकायत मिली थी, जबकि उनकी वास्तविक अंकसूची में 293 अंक दर्ज हैं।

नवागढ़ जनपद सीईओ को मिली शिकायत के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने जांच की। जांच में पाया गया कि सुभाष साहू ने 2001 की हायर सेकेंडरी परीक्षा की फर्जी अंकसूची के आधार पर शिक्षाकर्मी वर्ग 3 के पद पर नियुक्ति हासिल की थी। जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट हुआ कि उनकी वास्तविक अंकसूची में 293 अंक थे, जबकि नियुक्ति के लिए प्रस्तुत अंकसूची में 370 अंक दर्शाए गए थे।

नवागढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सुभाष साहू को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। सुभाष ने दावा किया कि उन्होंने नियुक्ति के समय 293 अंकों वाली अंकसूची ही जमा की थी और 370 अंकों वाली अंकसूची के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। हालांकि, जांच में उनकी बात सही नहीं पाई गई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा, जिसमें फर्जी अंकसूची के उपयोग की पुष्टि हुई।

जांच में सुभाष साहू का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण संहिता अधिनियम 1965 के नियम तीन के विपरीत पाया गया। प्रथम दृष्टया उनकी अंकसूची फर्जी साबित होने पर उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button