छत्तीसगढ़ आबकारी घोटाला: ईओडब्लू ने चैतन्य बघेल को कोर्ट में किया
रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित आबकारी घोटाले में एक बार फिर तेजी आई है। प्रवर्तन निदेशालय की जांच के बाद अब आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो और एंटी करप्शन ब्यूरो भी सक्रिय हो गए हैं। बुधवार को रायपुर सेंट्रल जेल में बंद चैतन्य बघेल को ईओडब्लू के प्रोडक्शन वारंट पर विशेष अदालत में पेश किया गया। कोर्ट में पेशी के दौरान ईओडब्लू ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया और पुलिस रिमांड की मांग की।
चैतन्य बघेल पहले से ही ईडी की कार्रवाई में जेल में बंद था, लेकिन अब ईओडब्लू की गिरफ्तारी के बाद उसे दोहरी जांच का सामना करना पड़ेगा। सूत्रों के अनुसार, एजेंसी को घोटाले से जुड़े नए वित्तीय लेन-देन और अधिकारियों-व्यापारियों के बीच सांठगांठ से जुड़े सुराग मिले हैं, जिन पर बघेल से पूछताछ जरूरी मानी जा रही है।
इधर, गिरफ्तारी से बचने के लिए बघेल ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका भी दाखिल की है। हालांकि, इस पर सुनवाई की तारीख तय नहीं हुई है। इससे पहले भी उनकी ओर से लगाई गई अग्रिम जमानत अर्जी खारिज हो चुकी है।
जानकारों का मानना है कि ईओडब्लू की जांच आगे बढ़ने पर घोटाले में शामिल अन्य बड़े नामों पर भी शिकंजा कस सकता है। अदालत अब यह तय करेगी कि चैतन्य बघेल को कितने दिनों के रिमांड पर भेजा जाएगा।



