स्वच्छता ही सेवा 2025 :सेवा पखवाड़ा के तहत अभियान का आयोजन

बालोद :- छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव वर्ष के अवसर पर सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत आज जिला प्रशासन बालोद एवं नगर पालिका परिषद बालोद के संयुक्त तत्वाधान में “स्वच्छता ही सेवा 2025” अभियान का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रातः 8 बजे से 9 बजे तक बालोद के प्राचीन और ऐतिहासिक गंगासागर तालाब के तट पर स्थित सुंदर वाटिका में संपन्न हुआ।
इस अभियान का उद्देश्य समाज में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता फैलाना और लोगों को श्रमदान के लिए प्रेरित करना था। इसी कड़ी में “एक दिन – एक घंटा – एक साथ” के मूल मंत्र के साथ जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से बालोद जिला कलेक्टर श्रीमती दिव्या मिश्रा और नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी उपस्थित रहीं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने स्वयं गंगासागर तालाब तट पर श्रमदान करते हुए नागरिकों को स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। तत्पश्चात उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को “स्वच्छता की शपथ” दिलाई। इसके साथ ही सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने वाटिका परिसर में वृक्षारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, वरिष्ठ अधिकारी नूतन कंवर, लकरा सहित एसडीएम एवं तहसीलदार बालोद उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया, पार्षदगण गिरजेश गुप्ता, गोकुल ठाकुर, श्यामा यादव, कांति साहू, गोमती रात्रे, सुनीता मनहर, बंटी शर्मा एवं संतोष चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय सहयोग किया।
कार्यक्रम में महेश पाठक, देवराज कोठरी, उमाशंकर मंत्री, जीतू सोनी, महावीर इंग्लिश मीडियम स्कूल के छात्र-छात्राएं, एनसीसी और एनएसएस के युवा, स्वच्छता दीदियाँ, स्व-सहायता समूहों की महिलाएँ, नगर पालिका परिषद एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा बालोद शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
सभी प्रतिभागियों ने गंगासागर तालाब के तट और वाटिका में श्रमदान करते हुए साफ-सफाई की और लोगों को संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह सामूहिक कर्तव्य है।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने यह भी संकल्प लिया कि गंगासागर तालाब की सुंदरता और ऐतिहासिकता को बनाए रखने के लिए नियमित श्रमदान एवं स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेते रहेंगे।
अभियान का समापन कलेक्टर श्रीमती दिव्या मिश्रा के प्रेरणादायी शब्दों के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने कहा कि –
“हमने इस नगर को बनाया है, और हम ही इसे स्वच्छ और सुंदर बनाकर संवारेंगे।”



