अमित शाह ने अररिया में एनडीए की जीत का किया दावा, घुसपैठियों पर साधा निशाना

अररिया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने शनिवार को अररिया में आयोजित एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि बिहार की जनता इस बार 160 से अधिक सीटें जीतकर एनडीए की सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मजबूत तैयारी करने और लालू प्रसाद यादव के “जंगलराज” को रोकने के लिए एनडीए की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस सम्मेलन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, अररिया सांसद प्रदीप सिंह सहित कई नेता मौजूद थे। भागलपुर, कोशी और पूर्णिया क्षेत्रों से 4,000 से अधिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
भाजपा की चुनावी रणनीति और कार्यकर्ता सम्मेलन
शाह ने कहा कि चुनावी माहौल में सभी दल जनसभाएं करते हैं, लेकिन भाजपा पहले अपने कार्यकर्ताओं को संगठित कर सम्मेलन आयोजित करती है। उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि किशनगंज को छोड़कर एनडीए हर जिले में पहले स्थान पर रहा था। इस बार कार्यकर्ता किशनगंज में भी जीत का परचम लहराएंगे।
घुसपैठियों पर तीखा हमला
शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाने और राहुल गांधी अपनी पार्टी बचाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि भाजपा का लक्ष्य बिहार से घुसपैठियों को बाहर करना है। उन्होंने कहा कि अगर जनता ने दो-तिहाई बहुमत से एनडीए को जिताया, तो बिहार से घुसपैठियों को चुन-चुन कर निकाला जाएगा। शाह ने लालू और राहुल पर घुसपैठियों को वोटिंग अधिकार देने की कोशिश का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा इसे कभी नहीं होने देगी।



