तमिलनाडु के करूर में थलपति विजय की रैली में भगदड़, 39 लोगों की मौत, 7 घंटे तक भूख प्यास से थे बेहाल

तमिलनाडु के करूर में अभिनेता से राजनेता बने थलपति विजय की रैली के दौरान शनिवार को भगदड़ मच गई, जिसमें अब तक 39 लोगों की जान चली गई। राज्य पुलिस महानिदेशक जी वेंकटरामन के अनुसार, विजय के रैली स्थल पर देरी से पहुंचने के कारण भीड़ अनियंत्रित हो गई। हादसे की जांच जारी है और टीवी के पार्टी के दो नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। इसके साथ ही एक जांच समिति का भी गठन कर दिया गया है।
विजय के इंतजार में बेकाबू हुई भीड़
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि टीवीके ने रैली दोपहर 12 से 3 बजे के बीच आयोजित करने का प्लान बनाया था। लेकिन विजय शाम सात बजे के बाद ही मौके पर पहुंचे, जिससे भीड़ घंटों इकट्ठी होती रही। सात घंटे के इंतजार से लोग भूख-प्यास से परेशान हो चुके थे। विजय ने भाषण शुरू किया तो दर्शकों ने पानी की मांग की, जिसके चलते उन्हें कई बार रुकना पड़ा। कुछ लोग बेहोश होने लगे और विजय ने मंच से एम्बुलेंस के लिए रास्ता देने की गुजारिश की।
भाषण जारी रखा, लेकिन हालात बिगड़े
भारी भीड़ के बीच बेहोश लोगों को निकालने के लिए एम्बुलेंस को भारी परेशानी हुई। फिर भी विजय ने अपना संबोधन जारी रखा। शाम साढ़े सात बजे भाषण समाप्त होने पर पता चला कि नौ वर्षीय एक लड़की भीड़ में गुम हो गई। विजय ने कार्यकर्ताओं से सहायता की अपील की और फिर घटनास्थल से चले गए।



