रायपुर रेंज में ऑपरेशन निश्चय: 144 गिरफ्तार, गांजा, अवैध शराब और हथियार जब्त

रायपुर। शनिवार, 11 अक्टूबर 2025 को रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे और अपराध के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। आईजी अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, धमतरी और गरियाबंद जिलों में 400 स्थानों पर एक साथ छापेमारी हुई। इस दौरान 139 मामले दर्ज किए गए और 144 आरोपियों को हिरासत में लिया गया, साथ ही भारी मात्रा में मादक पदार्थ, अवैध शराब और हथियार बरामद किए गए।
मादक पदार्थों पर कार्रवाई
पुलिस ने 31 एनडीपीएस मामलों में 36 लोगों को गिरफ्तार किया। 17.104 किलोग्राम गांजा, 890 प्रतिबंधित टैबलेट, 48 इंजेक्शन एम्पूल और 16 सिरिंज जब्त किए गए। रायपुर जिले में सर्वाधिक 6.1 किलो गांजा और 880 टैबलेट पकड़े गए। महासमुंद और बलौदाबाजार में भी गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई।
अवैध शराब पर प्रहार
आबकारी अधिनियम के तहत 95 प्रकरणों में 95 आरोपियों को पकड़ा गया। कुल 780.920 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसमें गरियाबंद (275 लीटर) और रायपुर (254 लीटर) में सबसे ज्यादा बरामदगी हुई। इन क्षेत्रों में अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से सक्रिय था।
हथियारों और वारंट पर नकेल
13 आर्म्स मामलों में 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। रायपुर में एक देसी रिवॉल्वर, दो कारतूस और पांच चाकू बरामद किए गए, जिनके अपराध में उपयोग की आशंका है। साथ ही, 5 गिरफ्तारी वारंट, 12 स्थायी वारंट तामील किए गए और 70 प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयां की गईं।
<



