बालोद में होटल संचालकों द्वारा घरेलू गैस का अवैध उपयोग और दीपावली पर मिलावटी मिठाई की बिक्री पर हिंद सेना ने उठाई आवाज

📰 बालोद में होटल संचालकों द्वारा घरेलू गैस का अवैध उपयोग और दीपावली पर मिलावटी मिठाई की बिक्री पर हिंद सेना ने उठाई आवाज
बालोद। जिले में बढ़ती अनियमितताओं और जनसुरक्षा से जुड़े गंभीर मामलों को लेकर हिंद सेना छत्तीसगढ़ ने राज्य शासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। संगठन के प्रदेश संयोजक तरुण नाथ योगी ने छत्तीसगढ़ शासन के माननीय खाद्य मंत्री को पत्र लिखकर बालोद जिले में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर (एलपीजी) के अवैध उपयोग और दीपावली पर्व पर मिलावटी मिठाइयों की बिक्री को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है।
तरुण नाथ योगी ने बताया कि जिले के कई होटल और रेस्टोरेंट संचालक घरेलू गैस टंकी का उपयोग कर रहे हैं, जबकि नियमों के अनुसार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल सिलेंडर का प्रयोग किया जाना चाहिए। यह न केवल शासनादेश का उल्लंघन है, बल्कि इससे किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व पर बाजारों में मिठाई विक्रेताओं द्वारा मिलावटी सामग्री के उपयोग की आशंका बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इस पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य निरीक्षण दल को सक्रिय कर सैंपल जांच अभियान चलाना आवश्यक है।
हिंद सेना ने मांग की है कि बालोद जिले के सभी होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट की जांच कर घरेलू गैस के अवैध उपयोग पर सख्त कार्यवाही की जाए और मिठाई दुकानों पर मिलावटखोरी के खिलाफ व्यापक निरीक्षण अभियान शुरू किया जाए।
हिंद सेना ने स्पष्ट किया कि संगठन सदैव जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और शासन से अपेक्षा रखता है कि इन दोनों मामलों में शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएँ।



