लोकधरोहर का उत्सव पड़कीभाट में तीन दिन गूंजेगी छत्तीसगढ़ी आत्मा

रिपोर्टर :- रिखी साहू
बालोद/पलारी :- छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और जनचेतना को सहेजने का भव्य प्रयास ग्राम पड़कीभाट में देखने को मिलेगा। गुरूर विकासखंड के इस ग्राम में 10 जनवरी से नवयुवा मित्रों एवं ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से त्रि-दिवसीय लोक कला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि लोक विरासत को अगली पीढ़ी तक जीवंत रूप में सौंपने का सशक्त संकल्प है।महोत्सव का शुभारंभ 10 जनवरी को प्रातः 10 बजे होगा। उद्घाटन अवसर पर गुरूर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता संजय साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दुर्गानंद साहू करेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जनपद पंचायत सभापति लक्ष्मी अशोक साहू, संध्या अजेन्द्र साहू, जनपद सदस्य झालेन्द्र साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुशीला सेवक राम साहू, वरिष्ठ शिक्षक राजकुमार मिश्रा, साहू समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, क्षेत्रीय सामाजिक प्रतिनिधि, ग्रामीण विकास समिति के पदाधिकारी तथा पंचगण कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।प्रथम दिवस लोकभक्ति और लोकभावनाओं को समर्पित रहेगा। गरियाबंद जिले के ग्राम गुरामी से मंगल माधुर्य महिला मानस परिवार, कुरूद के ग्राम बकली की मनमोहना फाग मंडली तथा फिंगेश्वरी से जय गुरूदेव संकीर्तन परिवार अपनी सजीव प्रस्तुतियों से श्रोताओं को लोकरस में डुबो देंगे।11 जनवरी, महोत्सव का दूसरा दिन विविध लोकशैलियों का संगम बनेगा। देवरतिल्दा (खरोरा) का युधिष्ठिर मानस परिवार, तामासिवनी (नव रायपुर) का जय मां शारदा सुवा नृत्य परिवार, पचपेड़ी (भखारा) का जय मयादेव मारिया जस झांकी परिवार, गुरूर क्षेत्र की मनमोहनी लोकगाथा भरथरी तथा कचना (भखारा) का जय अंबे रामधुनी परिवार छत्तीसगढ़ की बहुरंगी सांस्कृतिक छटा प्रस्तुत करेंगे।12 जनवरी को समापन दिवस लोकगौरव का प्रतीक बनेगा। इस अवसर पर गुरु के कृपा लोकरंग पंडवानी मंडली (बोरिद, गरियाबंद), जय मां विध्यवासिनी महिला रामधुनी मंडली (गोकुलपुर, धमतरी), मया के गांव छत्तीसगढ़ लोककला मंच (दरगहन, धमतरी) तथा महके मांगरा नाच पार्टी (खुंदनी, गुरूर) अपनी दमदार प्रस्तुतियों से उत्सव को शिखर तक पहुंचाएंगी। समापन समारोह रात्रि 7 बजे आयोजित होगा, जिसमें विधायक संगीता सिन्हा मुख्य अतिथि होंगी। साथ ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तामेश्वर साहू, विधायक प्रतिनिधि टोमन लाल साहू, पूर्व सभापति केदार देवांगन, सामाजिक व क्षेत्रीय प्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।आयोजन समिति अध्यक्ष रामानंद साहू, उपाध्यक्ष प्रदीप साहू, सचिव मेघुराम साहू सहित पूरी टीम ने बताया कि यह महोत्सव लोककला को मंच देने के साथ-साथ सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने का सशक्त माध्यम बनेगा। पड़कीभाट की धरती पर सजेगा यह आयोजन छत्तीसगढ़ी अस्मिता का जीवंत उत्सव होगा।



