हमर छत्तीसगढ़

विकास, विश्वास और भविष्य की नींव—केंद्रीय बजट ने आत्मनिर्भर भारत की दिशा को दी मजबूती

 

बालोद :- छत्तीसगढ़ के बालोद जिला में केंद्रीय बजट को लेकर पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक कुरूद अजय चंद्राकर ने बालोद में आयोजित प्रेस वार्ता में बजट को देश के समग्र विकास की दिशा में मजबूत और दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भारत को आर्थिक रूप से सशक्त, सामाजिक रूप से संतुलित और भविष्य के लिए तैयार करने का स्पष्ट रोडमैप है।अजय चंद्राकर ने कहा कि बजट में अधोसंरचना विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देना सरकार की दीर्घकालीन सोच को दर्शाता है। सड़क, रेल, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल नेटवर्क और शहरी-ग्रामीण कनेक्टिविटी में निवेश से आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के लिए यह अवसर रोजगार सृजन और व्यापार विस्तार का मार्ग प्रशस्त करेगा।उन्होंने कृषि क्षेत्र को लेकर बजट में किए गए प्रावधानों की सराहना करते हुए कहा कि सिंचाई, कृषि नवाचार, भंडारण और वैल्यू एडिशन पर जोर देने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का प्रयास उनकी आय को स्थिर और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
युवाओं के संदर्भ में अजय चंद्राकर ने कहा कि कौशल विकास, स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की नीतियां आने वाले समय में भारत को आत्मनिर्भर बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएंगी। यह बजट युवाओं को केवल रोजगार खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की सोच को आगे बढ़ाता है।उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में निरंतर निवेश को सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ बताया। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल लर्निंग, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और पोषण संबंधी योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक होंगी। महिला सशक्तिकरण से जुड़ी पहलों को उन्होंने सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का आधार बताया।
मध्यम वर्ग को लेकर अजय चंद्राकर ने कहा कि कर व्यवस्था में सरलता और पारदर्शिता से आम नागरिकों को राहत मिलेगी। डिजिटल भुगतान, ई-गवर्नेंस और तकनीक आधारित सेवाओं से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि व्यवस्था में भरोसा भी मजबूत होगा।उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा पर दिए गए जोर को भविष्य की पीढ़ियों के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि स्वच्छ ऊर्जा, जल संरक्षण और सतत विकास से जुड़ी योजनाएं भारत को जिम्मेदार वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जाएंगी।प्रेस वार्ता के समापन में अजय चंद्राकर ने कहा कि यह बजट संतुलन और संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। आने वाले वर्षों में इसका लाभ गांव, गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग तक स्पष्ट रूप से पहुंचेगा और भारत आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनकर उभरेगा।
प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख यज्ञ दत्त शर्मा तारणि चंद्राकर वीरेंद्र साहू कृष्णकांत पवार पवन साहू राकेश छोटू यादव सौरभ लूनिया महामंत्री जितेंद्र साहू कमल पनपालिया मीडिया प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button