स्व AWAKE का भव्य शुभारंभ स्वास्थ्य जागरण की दिशा में बालोद ने रचा नया इतिहास

बालोद,:- छत्तीसगढ़ के बालोद जिला में स्वास्थ्य चेतना को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में आयोजित तीन दिवसीय “स्व AWAKE” कार्यक्रम का प्रथम दिवस अभूतपूर्व उत्साह और सहभागिता के साथ संपन्न हुआ। गुरु ग्रेस योग एंड वैलनेस टीम तथा जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस विशेष आयोजन में पहले ही दिन हजार से अधिक लोगों की भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि शहर में अब फिटनेस केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी बनती जा रही है।
सुबह 5 बजे से ही आयोजन स्थल महादेव भवन में तैयारियां तेज हो गई थीं। स्वयंसेवकों ने प्रतिभागियों के पंजीयन, मंच व्यवस्था, ध्वनि संयोजन तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया। 6 बजे तक प्रवेश-पास के माध्यम से सैकड़ों लोग पहुंच चुके थे और कुछ ही समय में संख्या हजार के पार पहुंच गई। जैसे-जैसे सूरज की पहली किरणें फैलीं, वैसे-वैसे मैदान योगमय वातावरण से भर उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत जोशीले जुंबा अभ्यास से हुई, जिसमें प्रशिक्षक धीरज शर्मा ने प्रतिभागियों को ताल और लय के साथ सक्रिय किया। इसके बाद मंच पर नियमित योगाभ्यासियों द्वारा योग डेमो प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को न केवल प्रेरित किया बल्कि योग के सही स्वरूप से परिचित भी कराया। जुंबा के बाद क्रमबद्ध तरीके से सूर्य नमस्कार, योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया, जिससे पूरा वातावरण अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल, व्यापारी वर्ग, मीडिया प्रतिनिधियों तथा छात्र-छात्राओं की बड़ी उपस्थिति रही। मैदान में अलग-अलग श्रेणियों के लिए बैरिकेडिंग की गई थी, जिससे व्यवस्था सुव्यवस्थित बनी रही। प्रतिभागियों में बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक का उत्साह देखने योग्य था।
लगभग डेढ़ घंटे चले योग सत्र के बाद आयुष विभाग की ओर से अंकुरित अनाज और स्वास्थ्यवर्धक काढ़े का वितरण किया गया। इस स्वल्पाहार ने कार्यक्रम को केवल फिटनेस गतिविधि ही नहीं, बल्कि पूर्ण स्वास्थ्य अभियान का रूप दे दिया।
कार्यक्रम का आकर्षण लकी ड्रॉ और विभिन्न प्रतियोगी श्रेणियों में पुरस्कार वितरण भी रहा। बेस्ट ड्रेसअप तथा बेस्ट परफॉर्मेंस के विजेताओं को सम्मानित कर आयोजकों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
अतिथि उद्बोधन में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवनशैली है। उन्होंने इस आयोजन को सामाजिक स्वास्थ्य अभियान बताते हुए आयोजक टीम के प्रयासों की सराहना की।
आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन, Indian Red Cross Society, Punjab National Bank तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं का योगदान उल्लेखनीय रहा। आयोजकों ने जानकारी दी कि दूसरे दिन और अधिक संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है और यह अभियान शहर में दीर्घकालिक स्वास्थ्य चेतना को मजबूत करेगा।



