ग्राम कनेरी में श्री सतचण्डी महायज्ञ की महापूर्णाहुति आज, विधायक संगीता सिन्हा ने की मां भगवती की आराधना
विश्व कल्याण एवं लोकमंगल की कामना से नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन, सार्वजनिक सहस्रार्चन में शामिल हुए श्रद्धालु

संपादक:- मीनू साहू
कनेरी (गुरुर), बालोद। ग्राम कनेरी स्थित मां कंकालिन माता मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय श्री सतचण्डी महायज्ञ एवं श्रीमद् देवीभागवत महापुराण कथा का सोमवार, 19 अक्टूबर को महापूर्णाहुति एवं सार्वजनिक सहस्रार्चन के साथ समापन होगा। विश्व शांति, लोकमंगल एवं सर्वजन कल्याण की भावना से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालु भक्तिभाव से सहभागी बन रहे हैं। संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा भी मंदिर पहुंचीं और मां भगवती की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।मंदिर परिसर में वैदिक विद्वानों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ यज्ञीय अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। श्रीमद् देवीभागवत महापुराण की कथा में सत्य, धर्म, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के महत्व को बताया जा रहा है। कथा के दौरान सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र के जीवन प्रसंग के माध्यम से कठिन परिस्थितियों में भी सत्य के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा दी गई।वहीं, मां भगवती द्वारा महिषासुर, रक्तबीज तथा शुम्भ-निशुम्भ जैसे दैत्यों के संहार के प्रसंगों के माध्यम से मानव जीवन में व्याप्त काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसी आसुरी प्रवृत्तियों का त्याग करने का संदेश दिया गया। धार्मिक व्याख्यानों में सदाचार, संयम, करुणा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी जा रही है।आयोजन समिति के अनुसार, श्री सतचण्डी महायज्ञ का उद्देश्य व्यक्तिगत सुख-समृद्धि के साथ समाज में सद्भावना, राष्ट्र में शांति और समस्त प्राणियों के कल्याण की कामना करना है। यह आयोजन सनातन धर्म और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण की भावना से किया जा रहा है।
महापूर्णाहुति एवं सहस्रार्चन आज
आयोजन समिति ने बताया कि सोमवार को वैदिक विधि-विधान के साथ महापूर्णाहुति एवं मां भगवती का सार्वजनिक सहस्रार्चन संपन्न होगा। समिति ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं समस्त क्षेत्रवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनने की अपील की है।आयोजन स्थल: मां कंकालिन माता मंदिर परिसर, ग्राम कनेरी, विकासखंड गुरुर, जिला बालोद, छत्तीसगढ़।



