प्रेमिका की प्रताड़ना से दुखी युवक ने की आत्महत्या, इंस्टाग्राम पोस्ट में बताई पूरी कहानी

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के बलौदा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ग्राम पोछा निवासी 23 वर्षीय युवक गोपी दास महंत ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डालकर अपनी मौत के लिए प्रेमिका को जिम्मेदार ठहराया है। युवक गुरुवार से लापता था और शुक्रवार सुबह गांव के पास एक पेड़ पर उसकी लाश फंदे से लटकी मिली।
ग्रामीणों ने लाश देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि मृतक ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। उसमें उसने लिखा था कि गांव की एक युवती से उसका प्रेम संबंध था, जो पिछले चार साल से उसे धमकाकर ब्लैकमेल कर रही थी।
पोस्ट के अनुसार, युवती और उसके दोस्तों ने उसे कई बार रेप केस में फंसाने की धमकी दी और 13 जून को रायपुर बुलाकर उससे 15 हजार रुपये भी वसूले। इन सब घटनाओं से मानसिक रूप से परेशान होकर गोपी ने आत्महत्या कर ली।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



