बिलासपुर में बुजुर्ग महिला से सोने की चेन लूट, बाइक सवार दो युवक वारदात को अंजाम देकर फरार

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार दो युवकों ने दिनदहाड़े सोने की चेन लूट ली। यह वारदात उस समय हुई जब महिला अपनी पोती को ट्यूशन छोड़ने पैदल जा रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोरबा में बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
घटना राजकिशोर नगर स्थित तुषार मेडिकल स्टोर के पास की है। यहां रहने वाली उमा देवी रोज की तरह अपनी पोती को ट्यूशन छोड़ने जा रही थीं। उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए बाइक सवार दो युवक अचानक उनके पास रुके और झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ ही नहीं पाईं। जब तक उन्होंने शोर मचाया, तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे।
चेन करीब 13 ग्राम की थी, जिसकी कीमत एक लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। वारदात की सूचना पर परिजन महिला को लेकर सरकंडा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आस-पास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
फिलहाल, लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वीडियो फुटेज के आधार पर बाइक सवार युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।



